बांका एसपी ने धोरैया थाना का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए दिशा-निर्देश » Recent Bihar

रिपोर्ट – प्रदीप कुमार, धोरैया (बांका)

BANKA:  बांका एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा ने गुरुवार को धोरैया थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का जायजा लिया और विभिन्न अभिलेखों की समीक्षा की। इस क्रम में एसपी ने गुंडा पंजी, लूट पंजी, अपराध रजिस्टर, सक्रिय अपराधी रजिस्टर तथा भूमि विवाद रजिस्टर समेत सभी पंजियों का गहन अवलोकन किया।

इस दौरान जहां-जहां त्रुटियां पाई गईं, वहां सुधार के निर्देश थानाध्यक्ष अमित कुमार को दिए गए।एसपी वर्मा ने लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश दिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी रणनीति बनाने को कहा और निरोधात्मक कार्रवाई की अब तक की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन की सूचनाएं आती रहती हैं। चूंकि धोरैया का इलाका झारखंड की सीमा से सटा हुआ है, इसलिए वहां के थाना प्रभारियों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।इसके पूर्व एसपी के आगमन पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मौके पर बौंसी एसडीपीओ अर्चना कुमारी, रजौन सर्किल इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थाने के अवर निरीक्षक संजय सिंह, अजय कुमार, विजय कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *