- खगड़िया के बेलदौड़ थाना क्षेत्र के लालगोर निवासी है महिला
- अपने पति के साथ चिकित्सक को दिखाने भागलपुर आ रहे थे पति पत्नी
- विक्रमशिला सेतु के पोल नंबर 29 के पास हुई घटना, चालक फरार, वाहन जब्त
BHAGALPUR: भागलपुर – विक्रमशिला सेतु पर पोल नंबर 29 के पास सोमवार देर शाम एक हाइवा ने बाइक पर सवार पति पत्नी को रौंद दिया. घटना में खगड़िया जिला के बेलदौड़ निवासी जयकिशोर ठाकुर की पत्नी अनीता देवी की मौत हो गयी है जबकि पति जयकिशोर ठाकुर भी चोटिल हो गये हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है.
घटना के बाद विक्रमिशला सेतु टीओपी पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है जबकि मौके से चालक फरार हो गया है. जयकिशोर ठाकुर ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस की सहायता से वह अपनी पत्नी को लेकर जेएलएनएमसीएच मायागंज पहुंचा. यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जयकिशोर ठाकुर ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ भागलपुर में एक चिकित्सक के यहां दिखाने मोटरसाइकिल से जा रहा था.
इसी क्रम में एक हाइवा ने पीछे से जबरदस्त धक्का दे मारा. घटना की सूचना मिलते ही मृतिका की पुत्री पुष्पा कुमारी और आशा टोल निवासी दामाद मुकेश कुमार ठाकुर सोमवार की रात को अस्पताल पहुंच गये थे. जयकिशोर ठाकुर दर्जी का काम करते हैं. मृतिका अपने पीछे दो पुत्रों छोटू कुमार, प्रशांत कुमार, चांदनी कुमारी और पुष्पा कुमारी को पीछे छोड़ गयी है. जयकिशोर ठाकुर का रो – रो कर बुरा हाल था. बरारी थाना पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी ली गयी है. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
