भागलपुर : आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), भागलपुर के एक प्रतिनिधि मंडल ने माननीय नगर आयुक्त, भागलपुर से भेंट कर यह माँग की कि शहर के प्रमुख चौराहों में से एक “मनाली चौक” का नाम परिवर्तित कर “वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई चौक” किया जाए।
प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि ABVP इस माँग को लेकर वर्षों से संघर्षरत है। मनाली चौक के निकट एस.एम. कॉलेज स्थित है, जो महिला शिक्षा के लिए समर्पित एक प्रमुख संस्थान है। ऐसे में रानी लक्ष्मीबाई, जो नारी शक्ति, साहस और बलिदान की प्रतीक रही हैं, उनके नाम पर चौक का नामकरण महिला सम्मान और सामाजिक प्रेरणा का कार्य होगा।
ABVP को जानकारी मिली है कि वर्तमान में इस चौक का नाम पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव सरकार द्वारा दिया गया है। ABVP ने स्पष्ट किया कि वह शास्त्री जी के योगदान का पूरा सम्मान करती है, किंतु स्थानीय जनभावनाओं, सांस्कृतिक और सामाजिक संदर्भों, तथा महिला सशक्तिकरण के प्रतीक स्थल को ध्यान में रखते हुए रानी लक्ष्मीबाई का नाम अधिक उपयुक्त और प्रेरणादायक होगा।
प्रतिनिधि मंडल की ओर से विभाग छात्रा प्रमुख ख़ुशी कुमारी ने कहा,
“यह चौक महिला शिक्षा का केंद्र बिंदु है। रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर इसका नामकरण भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत होगा और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगा।”
वहीं, प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय ने स्पष्ट किया,
“यदि सरकार इस माँग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो ABVP इसे लेकर जन आंदोलन खड़ा करेगी और छात्र-छात्राओं तथा समाज के बीच जाकर इस मुद्दे को और व्यापक बनाएगी।”
अंत में ABVP ने नगर प्रशासन से आग्रह किया कि इस माँग पर जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल विचार किया जाए और मनाली चौक का नाम “वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई चौक” किया जाए।
