रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR NEWS: भागलपुर के एसएम कॉलेज (S. M. College, Bhagalpur) में छात्राओं की मूलभूत समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्राओं के लिए बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी बनी हुई है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना था कि कॉलेज में स्वच्छ शौचालयों की सुविधा नहीं है, पीने के साफ पानी की व्यवस्था लगातार बाधित रहती है और छात्राओं के लिए सेनेटरी पैड मशीन तक उपलब्ध नहीं है। उनका आरोप था कि खेलकूद की सामग्री की भी कॉलेज में भारी कमी है, जिससे छात्राओं की शारीरिक गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सबसे गंभीर आरोप यह लगाया कि अनेक अवसरों पर छात्राओं के साथ कुछ शिक्षकों का व्यवहार अनुचित होता है, जिसकी वजह से छात्राओं को मानसिक तनाव झेलना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वहीं इस मामले पर एसएम कॉलेज की प्राचार्या ने छात्राओं की शिकायतों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की परेशानियां वास्तविक हैं और कॉलेज प्रशासन उन्हें गंभीरता से ले रहा है। प्राचार्या ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही कॉलेज में शौचालय, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद थे। मौके पर कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई थी।
