BHAGALPUR: भागलपुर जिले में आगामी ईद और रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस बल द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इस दौरान पुलिस अधिकारी, दंडाधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा।
अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जा सके।
