Bhagalpur News : भागलपुर में पदस्थापित अवर निबंधक विनय सौरभ के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना से पहुंची EOU की आठ सदस्यीय टीम ने शुक्रवार सुबह भागलपुर स्थित उनके सरकारी आवास और जिला निबंधन कार्यालय में एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान विनय सौरभ के पास से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति के दस्तावेज़ बरामद किए गए हैं। इतना ही नहीं, उनके आवास से 5 लाख से अधिक की जली हुई नकदी मिलने का भी दावा किया जा रहा है, जिससे पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है. EOU को पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि विनय सौरभ ने अपनी सेवा अवधि के दौरान आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी आधार पर कार्रवाई की योजना बनाई गई। EOU की टीम को अब तक की जांच में कई अहम दस्तावेज़ और बैंक विवरण हाथ लगे हैं, जिन्हें जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
इस मामले में EOU के डीएसपी राजन कुमार सिंह ने बताया: “हमें अवर निबंधक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायतें मिली थीं। प्रारंभिक जांच में पुष्टि के बाद छापेमारी की गई। कुछ अहम दस्तावेज़ और संदिग्ध संपत्तियों का पता चला है। जांच जारी है।”
