रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR: भागलपुर के ललमटिया पुलिस ने सोमवार को बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर टीकर गांव निवासी सौरव कुमार पंडित के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से एक कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, ललमटिया थाना पुलिस गश्ती पर थी। इसी दौरान टमटम चौक के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पीछा कर मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद हुए।
थाना अध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सौरव किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उसके आपराधिक इतिहास को लेकर भी जानकारी सामने आई है। मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने पूर्व में उस पर एक व्यक्ति को गोली मारने का आरोप लगाया था, जबकि नाथनगर थाना में उस पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह जेल भी जा चुका है।
