रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR: भागलपुर के समीक्षा भवन में शुक्रवार को भागलपुर जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
निर्वाचन आयोग के आदेश के आलोक में तैयारी
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी ने बताया कि आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 हेतु ईआरओ तथा एईआरओ की सूची अद्यतन किया जाना है। जिनका तबादला हो चुका है उनके बदले नए पदाधिकारी को तथा जोड़ी किसी को बदलना है तो उन्हें अधिसूचित करने हेतु निर्वाचन आयोग को प्रस्ताव भेजा जाना है।
चुनाव ड्यूटी हेतु आवश्यक तैयारी
भागलपुर जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को कहा कि नवनियुक्त शिक्षकों का डाटा एनआईसी, भागलपुर को उपलब्ध करा दिया जाए ताकि उनका डाटा बेस तैयार किया जा सके। चुनाव ड्यूटी हेतु मानदेय का भुगतान संबंधित कर्मियों के वेतन खाता अकाउंट में ही भेजा जाएगा, इसमें किसी को सुधार करना है तो अभी करा लें।
आवासन स्थल और मतदान केंद्रों की व्यवस्था
केंद्रीय पारा मिलिट्री फोर्स के आवासन स्थल चिह्नित कर लिया जाए, पूर्व के चिह्नित आवासन स्थल यदि ठीक हैं तो वही रखा जाए, यदि बदलना है तो बदल दिया जाए। सभी मतदान केंद्रों पर एएमएफ सुनिश्चित करवाया जाए इसके लिए सभी बीएलओ के सुपरवाइजर से मतदान केंद्रों पर उपलब्ध एएमएफ से संबंधित प्रतिवेदन प्राप्त कर लिया जाए।
दिव्यांगजन मतदाताओं की सुविधा
दिव्यांगजन मतदाताओं की सूची भी अद्यतन कर लिया जाए तथा 40 प्रतिशत अधिक व्हीलचेयर की व्यवस्था कर ली जाए। सीपीएमएफ के लिए वाहनों का आकलन कर लिया जाए मतदान केंद्रों पर पहुंच पथ का आकलन कर लिया जाए यदि पहुंच पथ नहीं है तो इसके लिए संबंधित ग्रामीण कार्य विभाग को सूचित किया जाए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम तथा सभी प्रखंडों से बीडीओ एवं मुखिया जी तथा सभी संबंधित पदाधिकारी ऑनलाइन उपस्थित थे।
