BHAGALPUR: भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत सुल्तानगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुल्तानगंज थाना अंतर्गत पुलिस ने दो अपराधियों को हथियार, जिंदा बम और भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2025 को नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की निगरानी एवं पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था नवनीत कुमार के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के आदर्शनगर निवासी राहुल कुमार उर्फ राहुल मंडल, पिता पवन मंडल के घर से 02 जिंदा बम, 01 देसी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, 02 मैगजीन एवं नशे के टैबलेट बरामद किए गए। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर इस अवैध कारोबार में संलिप्त दूसरे आरोपी सुमन कुमार उर्फ बेलन सिंह, पिता स्व. सुधीर सिंह को भी विधिवत गिरफ्तार किया गया।प्रेस वार्ता के दौरान बरामद सामग्री की जानकारी देते हुए सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने 01 देसी पिस्टल, 02 जिंदा बम, 16 जिंदा कारतूस, ₹2,71,700 नकद, 03 मोबाइल फोन, निट्राजेपाम टैबलेट की कुल 1080 गोलियां तथा कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोल एचसीएल सिरप की 155 बोतलें जब्त की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी अवैध हथियार और नशीली दवाओं के कारोबार में संलिप्त पाए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि जिले में अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
