भागलपुर में कार्यकर्ताओं को संजय सरावगी का भावुक संदेश – “भाजपा आदेश नहीं, संस्कार देती है”

BHAGALPUR: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सोमवार को अपने प्रवास कार्यक्रम के तहत बेगूसराय से नवगछिया और भागलपुर पहुंचे। दोनों स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और अभूतपूर्व स्वागत किया। भागलपुर पहुंचने पर वे रोड शो में भी शामिल हुए, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भी सहभागिता रही। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भी उनका अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सबसे पहले नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत बिहपुर पहुंचे, जहां एनडीए कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

यहां उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा भाव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि संगठन और कार्यकर्ता मिलकर विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी मंजिल भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना है। इस मौके पर विधायक कुमार शैलेन्द्र, भाजपा नवगछिया जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

नवगछिया के बाद संजय सरावगी दो दिवसीय प्रवास पर भागलपुर पहुंचे। यहां जिलाध्यक्ष संतोष कुमार की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रेशमी नगरी भागलपुर में फूलों की बारिश के बीच पासी समाज, ब्रह्मऋषि युवजन सभा सहित विभिन्न संगठनों ने उनका अभिनंदन किया।

इसके बाद टाउन हॉल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा आदेश देने वाला नहीं, बल्कि संस्कार देने वाला परिवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता ही भाजपा और एनडीए की असली ताकत हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन को जनता का समर्थन मिल रहा है, जिससे राज्य विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अपने प्रवास के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 13 जनवरी को वे बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना, गौशाला में गो-पूजन और महर्षि मेही आश्रम में दर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *