BHAGALPUR: भागलपुर में चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। सूप और दऊरा में फल-सामग्री, ठेकुआ, नारियल सहित पूजन सामग्री लेकर श्रद्धालु सर पर दऊरा उठाकर घाटों की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे थे।घाटों पर छठ की छटा देखते ही बन रही थी।
भक्तों की भीड़, गूंजते छठ गीत, और भक्तिभाव से भरे माहौल ने पूरे शहर को आस्था में रंग दिया। नदी किनारे जल में खड़े होकर व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।भागलपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
साथ ही महिला पुलिस बल और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मुस्तैद थी। घाटों पर रोशनी, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।श्रद्धालु मनीष कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वे पूरे परिवार के साथ छठ व्रत कर रहे हैं। उनका कहना है कि सूर्य भगवान से मनोकामना पूर्ण होती है और यही उनकी सबसे बड़ी श्रद्धा है।
