रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR: भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने गुरुवार को लक्ष्मी नारायण उच्च विद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान कार्य में लगाए गए कर्मियों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन और लॉजिस्टिक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि भागलपुर जिला प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया है कि बाहर से आने वाले सुरक्षा बलों एवं मतदान कर्मियों के आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उचित व्यवस्था की जाए।
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी से चुनाव संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि पुलिस की सभी यूनिट्स को सतर्क रखा गया है और हर मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर समुचित समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों के पालन का भरोसा दिलाया।
