भागलपुर में सड़क हादसे में 3 ट्रकों की हुई जोरदार टक्कर में ट्रकों के उड़े परखच्चे, 2 ड्राइवर और खलासी सहित 3 घायल

रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर

BHAGALPUR: भागलपुर जिला अंतर्गत शाहकुंड थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मामला  शाहकुंड-अकबरनगर मुख्य मार्ग पर पचरुखी मिल्की गांव के सामने तड़के करीब चार बजे हुआ। सभी ट्रक बालू से लदे हुए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और एक ट्रक सड़क से नीचे जा गिरी।

हादसे में दो ट्रक चालकों और एक खलासी को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में एक किशनगंज और दूसरा जगदीशपुर का निवासी बताया जा रहा है। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (JLNMCH) रेफर किया गया है। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। तीनों ट्रकों के सड़क पर फंस जाने से दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल सड़क से ट्रकों को हटाने और यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के ने बताया कि , संभवतः तेज रफ्तार और खराब दृश्यता के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रकों के मालिकों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *