भागलपुर में रसोई से उठी आग बनी तबाही, गैस सिलेंडर ब्लास्ट से घर का सारा सामान राख

BHAGALPUR: भागलपुर जिला अंतर्गत इशाकचक थाना क्षेत्र के लालूचक मोहल्ले में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मनोज रजक के मकान में लगी इस भीषण आग में घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते घर में मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग खाना बनाने के दौरान लगी। बताया जा रहा है कि पहले गैस सिलेंडर में आग लगी, जिसके बाद आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में स्थिति भयावह हो गई और गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मोहल्ले की गलियां संकीर्ण होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।

इस आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई, लेकिन मकान में रखा घरेलू सामान, कपड़े, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
अग्निशमन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि रसोई में गैस सिलेंडर और चूल्हे का इस्तेमाल पूरी सावधानी से करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना की जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *