भागलपुर : वोट नहीं, किस्मत ने दिया फैसला ! लॉटरी से जिला परिषद अध्यक्ष बने विपिन मंडल

BHAGALPUR: भागलपुर जिला परिषद को आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है। जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में कड़े और बेहद रोमांचक मुकाबले के बाद विपिन मंडल को अध्यक्ष चुना गया। चुनाव में विपिन मंडल और अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जिसमें दोनों प्रत्याशियों को बराबर 15-15 वोट प्राप्त हुए। मतों की बराबरी होने के बाद निर्वाचन नियमों के तहत लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई। लॉटरी में विपिन मंडल का नाम निकलने के बाद उन्हें जिला परिषद अध्यक्ष घोषित किया गया। परिणाम की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाइयां देने वालों का तांता लग गया।

गौरतलब है कि इससे पहले जिला परिषद अध्यक्ष रहे मिथुन कुमार बिहार विधानसभा चुनाव में नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हो गए थे। विधायक बनने के बाद उन्होंने जिला परिषद अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके चलते यह पद काफी समय से रिक्त चल रहा था। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विपिन मंडल ने जिला परिषद सदस्यों और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर भागलपुर के समग्र विकास, पंचायतों के सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

वहीं भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिला परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया नियमों के अनुरूप कराई गई और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।यह चुनाव परिणाम जिला परिषद के इतिहास में एक यादगार और रोचक घटना के रूप में देखा जा रहा है, जहां बराबरी के मतों के बाद लॉटरी के जरिए नेतृत्व का फैसला हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *