BHAGALPUR: भागलपुर में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पहले निष्क्रिय पड़े शेरनी दल को हटाकर उसकी जगह एक नए, सशक्त और संगठित महिला सुरक्षा बल अभया ब्रिगेड का गठन किया गया है। औपचारिक शुरुआत के साथ ही इसकी टीमें शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा देने और जागरूकता बढ़ाने में जुट गई हैं।
अभया ब्रिगेड की संरचना पूरी तरह नए तरीके से की गई है। हर थाना क्षेत्र में एक टीम बनाई गई है, जिसकी कमान एक महिला सब-इंस्पेक्टर के हाथ में होगी। यह टीम स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास लगातार गश्त करेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करेगी।
टीम ने छात्राओं से अपील की है कि छेड़खानी, पीछा करने या किसी भी तरह की प्रताड़ना का सामना होने पर वे बिना झिझक डायल 112 या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। पुलिस का दावा है कि शिकायत मिलते ही कुछ ही मिनटों के भीतर महिला टीम मौके पर पहुंच जाएगी।
पुलिस ने छात्राओं से मिले सुझाव और फीडबैक के आधार पर कई संवेदनशील स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में अब विशेष गश्त, पैट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।
सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि अभया ब्रिगेड का मुख्य उद्देश्य शहर की हर महिला और छात्रा को निर्भीक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि टीम को तीन स्तरों—आवेदन, शिकायत और नियमित गश्त—पर सक्रिय किया गया है। जल्द ही सभी टीमों को स्कूटी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे और तेजी से घटनास्थल पर पहुंच सकें।
एसपी ने यह भी कहा कि अभया ब्रिगेड सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाएगी, जिसमें छात्राओं को उनके कानूनी अधिकार, सेल्फ-डिफेंस और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
अभया ब्रिगेड की शुरुआत के बाद शहर की छात्राओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। कई शिक्षण संस्थानों में छात्राओं ने इसे स्वागतयोग्य कदम बताया और कहा कि इससे वे खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी।
