BHAGALPUR: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा मेनिफेस्टो कमिटी के संयोजक श्री सुरेश रूंगटा ने भागलपुर के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने एनडीए गठबंधन के आगामी घोषणा पत्र को लेकर विस्तृत जानकारी दी और कहा कि यह घोषणा पत्र आने वाले 5 वर्षों में बिहार के समग्र विकास का रोडमैप साबित होगा।
श्री रूंगटा ने बताया कि एनडीए सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए विकास, रोजगार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर देगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन का संकल्प है कि बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े।उन्होंने आगे कहा कि इस बार का घोषणा पत्र सिर्फ वादों का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि बिहार की नई दिशा और दृष्टि का प्रतीक बनेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह और भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रोहित पांडे भी उपस्थित रहे।सुरेश रूंगटा ने विश्वास जताया कि जनता एनडीए गठबंधन पर एक बार फिर भरोसा जताएगी और प्रदेश में विकास की गति को आगे बढ़ाने का मौका देगी।
