BHAGALPUR: भागलपुर विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज होते ही भागलपुर विधानसभा क्षेत्र (संख्या 156) में सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के प्रत्याशी संजय कुमार यादव ने जनसंपर्क अभियान की रफ्तार बढ़ा दी है। बुधवार को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ लालूचक, खंजरपुर, बरारी और नरगा सहित कई इलाकों का दौरा किया और जनता से सीधे संवाद स्थापित किया।इस दौरान संजय कुमार यादव ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने समर्थन में दूरबीन छाप पर वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी इंडिया आम जनता की आवाज़ बनकर समाज के हर वर्ग के उत्थान, रोजगार सृजन, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए काम करने को प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आज भी समाज में असमानता और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याएँ व्याप्त हैं, जिनका समाधान केवल एक ईमानदार और जनमुखी सरकार ही कर सकती है। संजय यादव ने जनता से अपील की कि वे जाति, धर्म या समुदाय से ऊपर उठकर विकास और परिवर्तन के मुद्दों पर मतदान करें।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कई जगहों पर महिलाओं और युवाओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जनता का यह उत्साह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, और वे इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे। संजय कुमार यादव ने आगे कहा कि अगर जनता ने अवसर दिया तो वे भागलपुर विधानसभा क्षेत्र को रोजगार, शिक्षा और स्वच्छता का आदर्श मॉडल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि “भागलपुर को नई दिशा देने का समय आ गया है। अबकी बार जनता बदलाव के मूड में है, और मैं जनता के इस विश्वास को जिम्मेदारी में बदलने का संकल्प लेकर मैदान में उतरा हूँ।”
