BHAGALPUR: भागलपुर नगर निगम में मेयर की कार्यशैली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वार्ड संख्या 13 के पार्षद रंजीत मंडल ने पार्षदों के अधिकारों के हनन और नगर निगम में कथित मनमानी के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। रंजीत मंडल नगर निगम परिसर में ही धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में नियमों को दरकिनार कर कार्य किए जा रहे हैं और पार्षदों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
पार्षद रंजीत मंडल का कहना है कि विकास कार्यों और ठेकों के आवंटन में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका आरोप है कि नगर निगम में असामाजिक तत्वों को ठेकेदारी दी जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।उन्होंने कहा कि पार्षदों की भूमिका को नजरअंदाज किया जा रहा है और कई महत्वपूर्ण निर्णय बिना पार्षदों की सहमति के लिए जा रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
रंजीत मंडल ने मांग की है कि नगर निगम प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और पार्षदों को उनके अधिकार सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगा।नगर निगम परिसर में चल रहे इस धरने को लेकर शहर की राजनीति भी गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
