रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR NEWS : भागलपुर में दुर्गा पूजा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने सोमवार को शहर के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आवश्यक निर्देश दिए।
एसएसपी हृदय कांत ने कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाए जाएं, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। सुरक्षा को और सख़्त बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सभी पंडालों और आसपास के इलाकों में सादे लिवास में पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
भीड़भाड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग और डायवर्जन की व्यवस्था होगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही में दिक़्क़त न हो। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और शांति व सौहार्द्र के माहौल में त्यौहार मनाएँ।
