रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR: भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यवहार न्यायालय परिसर में तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कोर्ट परिसर में मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है, वहीं बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एहतियातन फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
धमकी की सूचना मिलते ही भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह स्वयं कोर्ट परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने कोर्ट परिसर के सभी हिस्सों की गहन जांच कराई है।

वहीं ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोर्ट परिसर पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बनाए रखी गई है।

