भागलपुर से निकला जागरूकता रथ, नारी शक्ति को नई उड़ान के लिए 10 हजार मदद और 2 लाख तक लोन

रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर

BHAGALPUR NEWS: भागलपुर में महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। मंगलवार को नगर निगम भागलपुर की ओर से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ का शुभारंभ नगर आयुक्त शुभम कुमार और मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर कई वार्ड पार्षद भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।

बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा संचालित यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही यदि छह महीने बाद उनका कारोबार सफलतापूर्वक चलता है तो उन्हें ₹2 लाख तक का बिना गारंटी का लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ा सकेंगी।

नगर निगम की पहल पर निकला यह जागरूकता रथ भागलपुर शहर के विभिन्न इलाकों और आसपास के गाँवों तक पहुँचेगा। इसके माध्यम से महिलाओं को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिसमें लाभ, आवेदन प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाएँ शामिल होंगी। रथ पर मौजूद टीम महिलाओं की शंकाओं का समाधान करेगी और उन्हें आवेदन की प्रक्रिया में मदद भी प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के मौके पर मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ मजबूत होंगी तो परिवार और समाज भी तरक्की की राह पर आगे बढ़ेंगे। वहीं नगर आयुक्त शुभम कुमार ने उम्मीद जताई कि इस योजना से बड़ी संख्या में महिलाएँ लाभान्वित होंगी और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेंगी।

यह पहल न केवल महिलाओं को नया अवसर प्रदान करेगी बल्कि भागलपुर के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम योगदान देगी। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *