बिहार: बेगूसराय में संजय सरावगी का शक्ति प्रदर्शन, दिनकर की धरती से एबीवीपी और भाजपा पर दिया बड़ा बयान

रिपोर्ट – दुर्गेश कुमार

PATNA: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी रविवार को प्रवास कार्यक्रम के तहत बेगूसराय पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। सबसे पहले उन्होंने सिमरिया दिनकर चौक स्थित राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, विधायक रजनीश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष बेगूसराय के सिंघौल में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पुरातन कार्यकर्ता समागम सह अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज वे जो कुछ भी हैं, उसमें एबीवीपी की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर आज बिहार में मजबूती से खड़ी है तो उसमें एबीवीपी का सबसे बड़ा योगदान है।

संजय सरावगी ने कहा कि एबीवीपी ने जिन मुद्दों को पहले उठाया, वे आज राष्ट्रीय एजेंडा बन चुके हैं। धारा 370 की समाप्ति और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष इसके बाद बेगूसराय प्रेक्षागृह में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार, प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा, प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *