SIWAN: विद्याभवन महिला महाविद्यालय में शनिवार को स्वामी विवेकानंद जयंती समापन समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि विभाग के मंत्री मंगल पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) परमेंद्र कुमार बाजपेई ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री मंगल पांडेय, कुलपति प्रो. बाजपेई एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।” उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. डॉ. परमेंद्र कुमार बाजपेई ने कहा कि विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने शिक्षा को चरित्र निर्माण का आधार बताते हुए छात्राओं से नैतिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी.बी. सिंह ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति समारोह के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष आकर्षण “सिवान की माटी” गीत रहा, जिसका सृजन एवं संयोजन डॉ. पूजा तिवारी द्वारा किया गया। एआई संगीत एवं स्वर के माध्यम से प्रस्तुत इस गीत ने स्थानीय सांस्कृतिक अस्मिता को प्रभावी अभिव्यक्ति दी। इसके अतिरिक्त “भारत की प्रसिद्ध महिलाओं का व्यक्तित्व प्रदर्शन”, “मैं भारत का आईना हूँ”, “सत्यभामा और रुक्मिणी”, “शिव स्तुति एवं मसान की होली”, “मैं बेटी हिंदुस्तान की” और “मैं शक्ति हूँ, कर सकती हूँ” जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को ऊर्जावान बनाया। सामाजिक संदेश आधारित प्रस्तुति “मुझे क्या बेचेगा रुपैया” ने दहेज प्रथा और बालिका शिक्षा पर सशक्त संदेश दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन डॉ. पूजा तिवारी ने किया तथा मंच संचालन डॉ. अंशिका सिंह ने किया। कार्यक्रम में डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रामायण राम, राजा सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय पंडित, पूर्व प्राचार्य डॉ. रीता कुमारी सहित विभिन्न महाविद्यालयों के सेवारत एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस प्रभारी डॉ. रीता शर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

