- गोल्ड मेडल सूची में 47 छात्राएं शामिल
- 67 रिसर्चर होंगे सम्मानित
रिपोर्ट – दुर्गेश कुमार, पटना
पटना: आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय (Aryabhatta Knowledge University) के नवें दीक्षांत समारोह को लेकर शनिवार को कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलपति ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दीक्षांत समारोह 24 नवंबर को सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के बापू सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के महामहिम राज्यपाल-सह-कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान होंगे। समारोह का आयोजन पूर्वाह्न 11:22 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा।
आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से 29,955 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें से 2,076 विद्यार्थियों ने समारोह में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। इसके अलावा 63 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 47 छात्राएं और 16 छात्र शामिल हैं। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में छात्राओं की संख्या अधिक है। ये पदक उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, नवाचार और शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किए जाएंगे।
कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव ने जानकारी दी कि समारोह के दौरान बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत मेडिकल, इंजीनियरिंग, समाज विज्ञान और शिक्षा संकायों में शोध तथा अकादमिक गतिविधियाँ निरंतर प्रगति पर हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों में किए जा रहे शोध कार्यों के तहत कुल 67 शोधार्थियों ने अपना पीएच.डी. शोधकार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। इन्हें भी इस दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। लड़कों को सफेद कुर्ता-पायजामा तथा नींबू पीले रंग की मालवीय पगड़ी और लाल किनारी वाले पीले अंगवस्त्रम (जिस पर विश्वविद्यालय का लोगो अंकित रहेगा) पहनना अनिवार्य है। वहीं, लड़कियों के लिए सफेद सलवार और नींबू पीले रंग का कुर्ता निर्धारित किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. निरंजन प्रसाद यादव, उप – कुलसचिव कुमारी अंजना, परीक्षा नियंत्रक राजीव रंजन, वित्त अधिकारी रामजी सिंह उपस्थित रहें।
