BHAGALPUR: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्लेटफॉर्म संख्या 4 से ट्रेन संख्या 13241 अप बांका–राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस धीरे-धीरे स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगी और अचानक फिसलकर पटरी पर गिरने की स्थिति में पहुँच गई।
एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल माधव कुमार ने स्थिति को देखते ही तुरंत दौड़ लगाई। बिना कोई देर किए उन्होंने महिला का हाथ पकड़ लिया और उसे खींचकर सुरक्षित जगह पर ले आए। उनकी त्वरित प्रतिक्रिया और साहस ने महिला की जान बचा ली। इसके बाद जवान दोबारा ट्रेन में चढ़कर अपनी ड्यूटी पर लौट गए।
भागलपुर जंक्शन पर आरपीएफ जवानों की तत्परता एक बार फिर सराही जा रही है। लगातार घटनाओं में वे यात्रियों की सुरक्षा के लिए देवदूत बनकर सामने आए हैं। इससे पहले भी एक दिन पूर्व आरपीएफ ने एक महिला को चलती ट्रेन से गिरने से बचाया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
इन लगातार बचाव कार्यों ने यह साबित किया है कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। यात्रियों ने भी आरपीएफ जवानों की इस साहसिक कार्रवाई की प्रशंसा की है।
