आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय की 29वीं सभा बैठक में शिक्षा मंत्री को मिला अंतर्राष्ट्रीय सम्मान…शोध, हॉस्टल और ऑडिटोरियम पर अहम निर्णय !

PATNA: पटना स्थित आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में सभा (द कोर्ट) की 29वीं बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह अध्यक्ष सभा सुनील कुमार ने की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एजुकेटर्स फॉर वर्ल्ड पीस द्वारा बेस्ट एजुकेशन मिनिस्टर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अवधारणा के अनुरूप विश्वविद्यालय में शोध कार्य और शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर करने पर जोर दिया।

सभा की अनुमति से कुलसचिव-सह-सदस्य सचिव डॉ. निरंजन प्रसाद यादव ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया और बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। बैठक में 28वीं सभा बैठक में लिए गए निर्णयों एवं उनके अनुपालन प्रतिवेदन को अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही 26 अगस्त 2025 के बाद कार्यकारिणी परिषद, शैक्षणिक परिषद एवं सम्बद्धता बोर्ड में लिए गए निर्णयों पर भी स्वीकृति दी गई। बैठक में विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्कूल ऑफ स्टेम सेल टेक्नोलॉजी एवं स्कूल ऑफ एस्ट्रोनॉमी में पठन-पाठन और शोध को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशाला निर्माण को मंजूरी दी गई।

इसके अलावा शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार के लिए ऑडिटोरियम एवं छात्रावास निर्माण पर भी चर्चा करते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना के विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव प्रशासनिक एवं वित्तीय सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान बिहार विधान सभा सदस्य हरिनारायण सिंह, बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. राम वचन राय, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एन. के. अग्रवाल, स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. राजेन्द्र चौधरी, विश्वविद्यालय की संकायाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) उषा कुमारी, प्रो. राम चन्द्र प्रसाद, डॉ. रोहित, डॉ. महेन्द्र सिंह, डॉ. सुभाष चन्द्र यादव, छात्र-कल्याण डॉ. ऐश्वर्या गिरी, कुलानुशासक डॉ. रुपेश कुमार, कार्यकारिणी परिषद सदस्य प्रो. इग्नासिस टोपनो, डॉ. निरंजन सिंह, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. राहुल कुमार पाण्डेय एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *