PATNA: नए साल के जश्न को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को शहर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पटना पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि नए साल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए शहर भर में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि नए साल के अवसर पर राजधानी वाटिका, संजय गांधी जैविक उद्यान (चिड़ियाघर), विभिन्न पार्कों, पिकनिक स्थलों के साथ-साथ महावीर मंदिर, गुरुद्वारे, प्रमुख मंदिरों और चर्चों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इन सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख इलाकों में बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि अनियंत्रित पार्किंग और जाम की समस्या न हो। यातायात पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि नए साल के जश्न के दौरान सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स गैंग पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। लहरिया कट, स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
