PATNA: आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बिहार दिवस के अवसर पर श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित नाटक, सामूहिक नृत्य तथा मेहंदी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने नाटक प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। ‘ज्ञान का चश्मा’ शीर्षक से प्रस्तुत नाटक ने अपनी प्रभावशाली कहानी, सशक्त संवाद और जीवंत अभिनय के माध्यम से दर्शकों और निर्णायकों का मन मोह लिया। नाटक में सामाजिक सरोकारों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे इसे विशेष सराहना मिली। इस नाट्य प्रस्तुति में एम.ए. जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं—सौरव, करण, रिया, मुस्कान, आनंद, दुर्गेश, राज नंदनी और विवेकानंद शामिल रहे।

इस उपलब्धि पर आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय (Aryabhatta Knowledge University) के कुलपति प्रो. (डॉ.) शरद कुमार यादव ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय की पहचान को नई ऊँचाइयों तक ले जाती हैं और अन्य छात्रों को भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करती हैं। नाटक का मंचन स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की विभागाध्यक्ष डॉ. मनीषा प्रकाश के मार्गदर्शन में किया गया। इसकी पटकथा डॉ. संदीप कुमार दुबे द्वारा लिखी गई, जबकि निर्देशन डॉ. अनुपम प्रियदर्शी ने किया। विभाग के संकाय सदस्य डॉ. शिवम रस्तोगी एवं ईशा बिरले ने भी छात्रों को इस सफलता पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के छात्र न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि सांस्कृतिक मंचों पर भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया है।
