बिहार में मौसम बना जानलेवा ! 22 फ्लाइट्स लेट, ट्रेनें 25 घंटे पिछड़ीं, जाने कब मिलेगी घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से राहत

BIHAR WEATHER: बिहार में ठंडी पछुआ हवा के चलते कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बिहार के 7 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में गयाजी राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो औरंगाबाद में 7.4 डिग्री, अरवल में 8.5, अररिया में 9.2, छपरा में 9.3, रोहतास में 9.5 और जहानाबाद में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी पटना में भी पछुआ हवा के कारण कनकनी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर, बांका, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज,पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर,वैशाली, सारण, सिवान और गोपालगंज शामिल हैं। घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा है।

बीते 24 घंटे में 22 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। दिल्ली से पटना आने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 25 घंटे विलंब से पहुंची, जबकि राजधानी और तेजस एक्सप्रेस करीब 13 घंटे लेट रहीं।ठंड और कोहरे के कारण हादसों की घटनाएं भी सामने आई हैं। बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण एक बाइक नहर में गिर गई, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं नवादा जिले के त्रिलोकी बीघा गांव में बोरसी की गैस से दम घुटने के कारण नाना और नाती की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से बीमार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, हिमालय से आ रही ठंडी पछुआ हवा और बंगाल की खाड़ी से नमी के कारण बिहार में ठंड और कोहरा बढ़ा है। विभाग ने अगले पांच दिनों तक ठंड से राहत की संभावना नहीं जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *