NAUGACHIA: नवगछिया में बाबा गणिनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में गुरूवार को होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और भाईचारे के माहौल में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम गणपति निवास, राजेंद्र कॉलोनी (महंत बगीचा के समीप) में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे को रंग और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं देने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित लाइव म्यूजिक कार्यक्रम ने पूरे माहौल को और भी रंगीन बना दिया। होली गीतों और लोकगीतों पर उपस्थित लोग झूमते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी ने आनंद उठाया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को बढ़ावा देना बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के दौरान गायक कलाकारों में डॉ. गोपाल भारती, मिथुन महुआ और सैनिक मनोहर लाल ने अपनी गायिकी से समा बांध दिया। साथ ही समिति के सदस्यों और कार्यक्रम में आए अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित अतिथियों में मनीष कुमार सिंह, रमंजय साह, प्रवीण कुमार पिंकू, अशोक साह, निरंजन साह, अमरेंद्र कुमार, शिव शंकर कुमार, सुबोध कुमार तथा चंदन म्यूजिक ग्रुप के कलाकार शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चंद्रगुप्त साह, पंकज भारती, संदीप गुप्ता, विवेकानंद साह, धर्मेंद्र साह, विशाल गुप्ता, रंजीत कुमार मधेशिया, बजरंगी, मुकेश कुमार, सौगंध साह, अभिषेक कुमार, प्रिस भारती और सुमन सहारा सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
