BHAGALPUR: पीरपैंती के भाजपा विधायक मुरारी पासवान ने बुधवार को सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों की जान बचाने के लिए मानवता की मिसाल पेश की। मिर्जाचौकी क्षेत्र से लौटने के दौरान कटुआ पहाड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उन्हें बसंतपुर गांव के दो युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले.
बताया जाता है कि दुर्घटना में एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह बेहोश पड़ा था, जबकि दूसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल था। विधायक ने तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव को घटना की जानकारी दी।
इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और एंबुलेंस के पहुंचने में विलंब होता देख विधायक ने बिना समय गंवाए अपने सहयोगियों की मदद से दोनों घायलों को अपनी निजी गाड़ी से पीरपैंती ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने चिकित्सकों से तत्काल इलाज शुरू कराने का अनुरोध किया और दोनों घायलों का हालचाल भी जाना। विधायक मुरारी पासवान ने बताया कि वे एक भाजपा कार्यकर्ता के अंतिम दर्शन कर लौट रहे थे, तभी कटुआ पहाड़ के पास यह हादसा दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि एक युवक बेहोश था और उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने और लगातार हो रही बारिश के कारण उन्होंने स्वयं घायलों को अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा, “जनसेवा मेरा सबसे बड़ा दायित्व है। ऐसी स्थिति में किसी घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी मानव सेवा है।” विधायक ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।
विधायक ने यह भी बताया कि संबंधित थाने के दरोगा को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद एसएसपी प्रमोद कुमार यादव से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
