भागलपुर। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने बौंसी पुल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द ही पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा.
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आगामी श्रावणी मेला शुरू होने से पहले बौंसी पुल को आवागमन के लिए तैयार कर दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है, इसलिए सरकार इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा कराने में जुटी हुई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। मंत्री ने कहा कि बौंसी पुल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके सुचारू संचालन से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए इंजीनियर शैलेन्द्र ने कहा कि वह स्वयं इस क्षेत्र के निवासी हैं और भागलपुर के विकास से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा, “मेरा सपना है कि भागलपुर को हर क्षेत्र में बेहतर बनाया जाए। सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास कर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भागलपुर में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जिससे जिले की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी। मंत्री के आश्वासन से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
