रिपोर्ट – मनीष कुमार मौर्या, नवगछिया
NAUGACHIA: कदवा थाना क्षेत्र के खैरपुर कदवा समीप कोसी धार में, बुधवार की सुबह करीब 8:15 बजे डूबने से एक किशोरी की मौत हो गई। मृतका दिनेश शर्मा की पुत्री कविता कुमारी (15) है। बताया जाता है कि कोसी धार के किनारे स्थित अपने दरवाजे पर हीं कविता की छोटी बहन खेल रही थी।
जहां धार के किनारे एक पेड़ को पकड़ने के दौरान उसकी छोटी बहन की पैर फिसलने पर वह गिर कर अथाह पानी में चली गई। जिसे बचाने के दौरान कविता भी गहरे पानी में चली गई। कविता ने अपनी छोटी बहन को तो बचा ली। लेकिन, वह खुद को नहीं बचा पाई। जहां डूबने से कविता की मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से शव को कोसी धार से बाहर निकाला गया। कविता की शव को देखते हीं परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका का पिता प्रदेश कमाने गया है। घर में मां राधा देवी व भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बदहवास हो जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बना पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा। पंचायत के मुखिया पंकज कुमार जायसवाल व नवगछिया जिप नंदनी सरकार ने नवगछिया सीओ संतोष कुमार सुमन के साथ घटनास्थल पहुंच कर परिजनों से मिले। सीओ ने बताया कि मृतका के परिजनों को जल्द हीं बाढ़ आपदा कोष से राशि दे दी जाएगी।
