भागलपुर। बिहार के प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने एक बार फिर अपनी अनोखी कला से लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। इस बार उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को खास अंदाज में बधाई देते हुए एक अनोखी लीफ आर्ट तैयार की है।
मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के छोटे से हरे पत्ते पर बेहद बारीक और आकर्षक कलाकृति उकेरी है। करीब 3 सेंटीमीटर के इस छोटे से पत्ते पर उन्होंने “Welcome to JDU, Congrats Nishant” लिखकर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।
बताया जा रहा है कि इस अनोखी लीफ आर्ट को तैयार करने में उन्हें करीब 5 घंटे का समय लगा। इस कलाकृति में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा निशांत कुमार को बधाई देते हुए एक मनमोहक चित्र भी उकेरा है। साथ ही पत्ते पर “जदयू में आपका स्वागत है, बधाई हो निशांत” का संदेश भी अंकित किया गया है।
मधुरेंद्र कुमार की इस बारीक और अनोखी कला की चर्चा कला प्रेमियों के बीच तेजी से हो रही है। लोग उनकी प्रतिभा और धैर्य की जमकर सराहना कर रहे हैं।
