भागलपुर में शराबबंदी की खुली पोल, पिकअप से बरामद हुई 846 लीटर विदेशी शराब, 1 गिरफ्तार

BHAGALPUR: भागलपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार महागामा रोड स्थित जवकबा के पास गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से कुल 846.720 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान मौके से चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस अभियान में कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *