भागलपुर में “जीवन जागृति सोसाइटी” का बड़ा अभियान, कर्मचारियों को सिखाया गया जान बचाने का CPR मंत्र

BHAGALPUR: अडानी ग्रुप के मरीन ड्राइव प्रोजेक्ट के तहत सुल्तानगंज स्थित कार्यालय में शनिवार को जीवन जागृति सोसाइटी द्वारा फर्स्ट एड एवं सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रेससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कार्यालय पहुंचकर करीब 25 कर्मचारियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को आपात स्थिति में जीवन बचाने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मैनेजर के.के. शर्मा ने बताया कि गंगा किनारे चल रहे इस प्रोजेक्ट में कई बार आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती है। ऐसे में कर्मचारियों को फर्स्ट एड और सीपीआर का ज्ञान होना बेहद जरूरी है, जिससे दुर्घटना के समय किसी की जान बचाई जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि समय पर सही तरीके से सीपीआर देने से लगभग 50 प्रतिशत मामलों में व्यक्ति की सांस और धड़कन वापस लाई जा सकती है। उन्होंने सीपीआर की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि दोनों हथेलियों को इंटरलॉक कर छाती के निचले हिस्से से थोड़ा ऊपर प्रति मिनट लगभग 100 बार दबाव देना चाहिए और बीच-बीच में मुंह से सांस देकर प्रक्रिया जारी रखनी चाहिए, जब तक मरीज में सांस के संकेत न मिलें या एंबुलेंस न पहुंच जाए।

इसके अलावा प्रशिक्षण में रक्तस्राव रोकने, गर्दन को सुरक्षित सपोर्ट देने और बांस व चादर की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर बनाने के तरीके भी सिखाए गए, ताकि दुर्गम स्थानों से घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके।कार्यक्रम के संयोजक सचिव सोमेश यादव रहे, जबकि दिलीप बिल्डिकॉन लिमिटेड की ओर से अनुज राय ने समन्वय किया। प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मचारियों से सीखी गई विधियों का अभ्यास भी कराया गया, ताकि वे आपात स्थिति में इसका सही उपयोग कर सकें। इस मौके पर सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष संबित कुमार, मृत्यंजय और अखिलेश सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *