BHAGALPUR: भागलपुर जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दो कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लिपिक मयंक कुमार और स्टेनो प्रेम कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नाथनगर आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत अभिजीत कुमार से सेवा संपुष्टि के नाम पर 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद पटना से निगरानी विभाग की टीम विद्यांचल प्रसाद के नेतृत्व में भागलपुर पहुंची और योजना के तहत जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रेम कुमार ने रिश्वत की रकम मयंक कुमार को देने को कहा।
जैसे ही अभिजीत कुमार द्वारा पैसे दिए गए, निगरानी टीम ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है।
