भागलपुर: जमीन से जुड़े दस्तावेज़ों की त्रुटियों का होगा घर-घर समाधान, 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा अभियान



भागलपुर| ज़मीन से जुड़े दस्तावेज़ों में सुधार के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 16 अगस्त से 20 सितंबर तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इस दौरान जिन लोगों के कागज़ात में नाम, पिता का नाम, खाता, खेसरा, केवाला या किसी भी प्रकार की त्रुटि है, उनका घर-घर जाकर समाधान किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें दस्तावेज़ सुधार के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

डीएम ने कहा, “हमारी कोशिश है कि हर व्यक्ति का ज़मीन से जुड़ा दस्तावेज़ पूरी तरह सही और अद्यतन हो। जिनकी जमाबंदी अब भी पूर्वजों के नाम से है, उन्हें भी इस अभियान में सुधार का मौका मिलेगा। राजस्व कर्मी और अमीन घर-घर जाकर लोगों के कागज़ों की जांच करेंगे और मौके पर ही त्रुटियों को दूर करेंगे।” अभियान के लिए प्रशासन ने एक विशेष कार्ययोजना तैयार की है।

ब्लॉक स्तर पर राजस्व अधिकारियों को टीम के साथ घर-घर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक टीम में कंप्यूटर ऑपरेटर भी रहेंगे, जो मौके पर ही दस्तावेज़ अपडेट करेंगे। साथ ही, ई-रिक्शा के जरिए गांव-गांव और मोहल्लों में प्रचार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *