भागलपुर में समान काम-समान वेतन की मांग को लेकर होमगार्ड जवानों का उग्र प्रदर्शन, सरकार को लौटाएंगे राइफल-गोलियां




BHAGALPUR: भागलपुर जिले में बुधवार को होमगार्ड जवानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। जवानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि वे वर्षों से “समान काम, समान वेतन” की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। प्रदर्शन कर रहे जवानों का कहना है कि वे बिहार पुलिस के साथ मिलकर राज्य की विधि-व्यवस्था को संभालते हैं, चुनाव ड्यूटी, वीआईपी सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे अहम कार्यों में हमेशा तैनात रहते हैं। लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो उचित वेतन मिलता है और न ही वे मूलभूत सुविधाओं के हकदार हैं।

होमगार्ड जवानों का साफ कहना है कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट दोनों ही स्पष्ट कर चुके हैं कि समान कार्य करने वाले कर्मचारियों को समान वेतन मिलना चाहिए। बावजूद इसके बिहार सरकार इस निर्णय को लागू करने में टालमटोल कर रही है। जवानों ने बताया कि 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सरकार को फटकार भी लगाई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.जवानों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो वे सरकार को अपनी राइफल और गोलियां लौटा देंगे।

इसके बाद वे राजधानी पटना में आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह अब सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि उनके अस्तित्व और सम्मान की लड़ाई बन चुकी है. एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि “हम हर हालात में ड्यूटी करते हैं – बाढ़ हो, दंगा हो या चुनाव। लेकिन हमारी तनख्वाह और सुविधाएं बिहार पुलिस से कहीं पीछे हैं। आखिर हमारा कसूर क्या है? क्या हमारा जीवन कम अहमियत रखता है?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *