भागलपुर में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान, 26 से 28 मई तक सभी पंचायत में लगेगा मेगा कैंप

रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर

BHAGALPUR: भागलपुर जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 26, 27 एवं 28 मई 2025 को प्रत्येक पंचायत में मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिनका आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है उनकी सूची प्रखंड वार एवं पंचायत वार उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे कर्मियों, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं पंचायत वार नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर लें। जीविका दीदी, आशा, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, डीलर मोबाइलाइजर यानी प्रेरक का कार्य करेंगे तथा चिन्हित लाभुकों को घर से बुलाकर शिविर तक लायेंगे।



2 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य
भागलपुर जिले को 2 लाख आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक पंचायत को 1500 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि जिनके नाम सूची में नहीं हैं, उन्हें बाद में मौका दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। भागलपुर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी  ने बताया कि उम्र दराज लाभुकों का अंगूठा का निशान धुंधला हो जाता है, इसलिए वे अपना अंगूठा एवं चेहरा अच्छी तरह से साफ करके आयेंगे। इससे आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में आसानी होगी और लाभुकों को परेशानी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *