भागलपुर में शिक्षक दिवस पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने श्रेष्ठ शिक्षकों को किया सम्मानित


BHAGALPUR : भागलपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर समीक्षा भवन सभागार में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति, दार्शनिक और महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

समारोह के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान देकर समाज और विद्यार्थियों के भविष्य को सशक्त दिशा दी है। जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। शिक्षा ही वह आधार है जिस पर बेहतर राष्ट्र और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।” उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि जिस समर्पण और ईमानदारी से शिक्षक समाज निर्माण में योगदान करते हैं, वह अनुकरणीय है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे नई पीढ़ी को ज्ञान के साथ-साथ संस्कारों व मूल्यों से भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि शिक्षक जितना अपने कर्तव्य का निर्वहन जिम्मेदारी से करेंगे, उतना ही विद्यार्थियों में शैक्षणिक प्रगति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और गरिमा का विशेष वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *