रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर
BHAGALPUR: भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार के ट्रैक किनारे शुक्रवार की शाम एक युवक की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत रेल से हादसे में हुई है या फिर हत्या कर शव को पटरी किनारे फेंका गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शव का सिर और धड़ अलग-अलग दिशा में था, और दोनों के बीच करीब 10 फीट का फासला था। यह देख कर लोगों को शक हुआ कि मामला सामान्य नहीं है।
घटना की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्टेशन मास्टर खुद मौके पर पहुंचे। हालांकि उन्होंने भी स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ नजर आए, उन्होंने कहा कि “हमें सूचना मिली कि चार नंबर प्लेटफार्म के रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। हम लोग मौके पर पहुंचे हैं। किस कारण और कैसे हादसा हुआ, यह अभी जांच का विषय है।” इधर, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा और यह दुर्घटना थी या किसी साजिश के तहत उसे मारकर पटरी पर फेंका गया।
