बड़ी खबर : भागलपुर में गुड्डू पासर गैंग ने रंगदारी के विरोध में किया जानलेवा हमला, इलाके में फैली दहशत

रिपोर्ट – सुमित कुमार, भागलपुर

BHAGALPUR CRIME : भागलपुर में आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताज़ा मामला बाईपास थाना क्षेत्र के सेंट टेरेसा स्कूल के पास हुआ, जहाँ रंगदारी मांगने के विवाद में बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए भागलपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल की पहचान दानिश के रूप में हुई है। उसके मुताबिक वह गाड़ी सर्विस कराने के बाद घर लौट रहा था, तभी सेंट टेरेसा स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे गुड्डू पासर, हैदर और अन्य ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने रंगदारी की मांग की, जिसके विरोध पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।हमले में बुरी तरह जख्मी हुआ दानिश किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा। परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालांकि परिवार अभी भी गहरी दहशत में है।

जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी गुड्डू पासर पहले भी मवेशी तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। हाल ही में जेल से छूटने के बाद उसने इलाके में फिर से दबंगई शुरू कर दी है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बाईपास थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस का दावा है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम जनता दहशत में है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *