BHAGALPUR: भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। थाना के पास से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक को अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार सुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इकट्ठा हुई स्थानीय भीड़ ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही यातायात प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत घायल युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को फिलहाल स्थिर बताया है।
घायल युवक के परिजन भी सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे। भाई सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सुकेश पास के ही एक मॉल में काम करता है। शनिवार को वह डिलीवरी देने जा रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इस घटना से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोग भी आक्रोशित हैं और सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
