BHAGALPUR NEWS: लंदन से सम्मान पाकर लौटे डॉ. अजय कुमार सिंह, ढोल-नगाड़ों के साथ भागलपुर ने मनाया उपलब्धि का जश्न

BHAGALPUR NEWS: भागलपुर के प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ और समाजसेवी डॉ. अजय कुमार सिंह का आज घर लौटने पर जीवन जागृति सोसायटी के सदस्यों और शहरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लंदन से लौटने के बाद स्टेशन से उनके आवास तक गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। यह स्वागत उनके समाजसेवा योगदान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि का प्रतीक माना जा रहा है।

हाल ही में डॉ. सिंह को लंदन स्थित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, केबले कॉलेज में आयोजित 14वीं वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में बेस्ट कम्युनिटी इंपैक्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस सम्मेलन में 30 देशों के प्रतिनिधि और चिकित्सा, विज्ञान, साहित्य तथा समाजसेवा क्षेत्र की 100 से अधिक हस्तियां शामिल हुईं। बिहार से प्रतिनिधित्व करने वाले वे अकेले प्रतिभागी थे। डॉ. सिंह लंबे समय से चिकित्सा सेवा के साथ-साथ समाजसेवा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भागलपुर जिला शतरंज संघ एवं इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष, तथा रेड क्रॉस सोसायटी, भागलपुर के वाइस चेयरमैन हैं। इसके अलावा, वे इग्नू से समाज सेवा में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं।

उनके द्वारा किए गए कार्यों में सड़क दुर्घटनाओं और आग की घटनाओं में राहत पहुंचाना, डूबने और सर्पदंश जैसी आपदाओं से निपटने के लिए जागरूकता अभियान, महिलाओं में कैंसर की समय पर पहचान हेतु विशेष पहल, और जनसामान्य को सीपीआर तकनीक सिखाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख हैं।

अपने स्वागत पर भावुक होते हुए डॉ. सिंह ने कहा, “आज मिले इस सम्मानजनक स्वागत के लिए मैं जीवन जागृति समिति के अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार तथा उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करता हूं। मैं अंगप्रदेश के नागरिकों और अपने सभी चिकित्सक साथियों का भी धन्यवाद करता हूं। उनके उत्साहवर्धन से ही मेरा मनोबल बढ़ता रहता है और मैं लगातार चिकित्सा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में संलग्न रह पाता हूं। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे बिहार का है।”

कार्यक्रम के दौरान जीवन जागृति सोसायटी के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार ने कहा कि संस्था समाज के लिए लगातार सार्थक कार्य कर रही है और भविष्य में भी इसे और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।इस मौके पर कोषाध्यक्ष राकेश माही, सचिन सोमेश यादव, आभा पाठक समेत दर्जनों सदस्य शामिल हुए और डॉ. सिंह को सम्मानित कर गर्व का अनुभव किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *