BHAGALPUR NEWS: नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठा गांव से नवगछिया को जोड़ने वाली जर्जर ग्रामीण सड़क पर बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, भिट्ठा गांव के पास एक बाइक दुर्घटना में घायल हुए युवकों को लेकर जेएलएनएमसीएच भागलपुर जा रही एम्बुलेंस जैसे ही सड़क पर बने गहरे गड्ढे से गुजरी, वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। पलटते ही वाहन में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते एम्बुलेंस आग के लपटों में घिर गई।
कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस पूरी तरह जलने लगी। स्थिति अफरातफरी भरी हो गई, क्योंकि अंदर चालक व घायल फंसे हुए थे। उसी समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने असाधारण साहस और तत्परता का परिचय देते हुए सभी लोगों को जलती हुई एम्बुलेंस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की इस बहादुरी से एक बड़ा जनहानि का खतरा टल गया और सभी घायल सुरक्षित अस्पताल पहुंचाए जा सके. सूचना मिलने पर इस्माइलपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक एम्बुलेंस पूरी तरह राख में बदल चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढों से भरी जर्जर सड़क पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
जर्जर सड़कों पर फिर उठा सवाल. इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़कों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की अनदेखी की जा रही है। आए दिन गड्ढों, टूटी सड़कों और जलजमाव जैसी समस्याओं से लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जो कई बार जानलेवा साबित होती हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि चुनावी मौसम करीब होने के बावजूद ग्रामीण सड़कों की सूरत नहीं बदली। हादसों और परेशानियों के बीच अब आमजन यह जानना चाहते हैं कि क्या सरकार और प्रशासन इन जर्जर सड़कों की सुध लेगा, या फिर ग्रामीण जनता को लगातार हादसों की तपिश में ही जीना पड़ेगा
