BHAGALPUR: भागलपुर में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की शुरुआत के साथ ही शहर के बाजारों में रौनक और भीड़भाड़ बढ़ गई है। श्रद्धालु और खरीदार बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। लेकिन, सड़क और फुटपाथ पर अवैध तरीके से दुकानें लगाने वाले फुटकर विक्रेताओं की वजह से आम लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।इसी समस्या को देखते हुए सोमवार को भागलपुर नगर निगम प्रशासन, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान नगर निगम में कई दुकानदारों का चालान भी काटा.
अभियान के दौरान माइकिंग कर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे तुरंत सड़क व फुटपाथ से दुकानें और सामान हटा लें। स्पष्ट चेतावनी दी गई कि निर्देशों का पालन नहीं करने वालों पर विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी दुकानदारों को दंड भुगतना पड़ेगा। इस अभियान में नगर निगम अधिकारी, यातायात पुलिस बल और कई थानों की पुलिस मौजूद रही। टीम ने दुकानदारों को समझाया कि सड़कें आम जनता की आवाजाही के लिए हैं। खासकर दुर्गा पूजा जैसा बड़ा पर्व, जब श्रद्धालुओं और खरीदारों की भारी भीड़ रहती है, ऐसे समय में रास्तों को अवरुद्ध करना उचित नहीं है।
प्रशासन ने यह भी कहा कि कुछ दुकानदार अपनी दुकान से बाहर सामान फैलाकर फुटपाथ तक घेर लेते हैं, जिससे पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। ऐसे लोगों को भी सख्त चेतावनी दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई होगी। नगर निगम और यातायात पुलिस ने साफ किया कि यह कदम श्रद्धालुओं और खरीदारों की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पूजा के दौरान आने वाले लोग सुरक्षित और बिना किसी असुविधा के उत्सव का आनंद ले सकें।
