भागलपुर में फिल्मी अंदाज़ में मौत के बाद पत्नी का हुआ श्राद्ध, 6 महीने बाद अस्पताल में मिले पति-पत्नी » Recent Bihar

BHAGALPUR: भागलपुर से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यह कहानी किसी फ़िल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है, लेकिन यह हकीकत है।दरअसल, भागलपुर नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले सत्यनारायण सिंह की शादी साल 2007 में कजरैली चाँदपुर की रहने वाली गुड़िया कुमारी से हुई थी। शादी के कई साल बीतने के बावजूद जब संतान नहीं हुई तो गुड़िया और परिवार की रज़ामंदी से सत्यनारायण ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी से उनके दो बच्चे भी हैं। इस बीच गुड़िया भी परिवार के साथ रह रही थी, लेकिन जब सत्यनारायण दिल्ली कमाने गए, उसके कुछ दिन बाद गुड़िया अचानक घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब गुड़िया का पता नहीं चला तो पति और परिजनों ने यह मान लिया कि गुड़िया अब जिंदा नहीं है। परिजनों ने उसका श्राद्ध संस्कार कर दिया।वायरल वीडियो से मिली जिंदगी.

इस बीच भागलपुर में हेलमेट मैन के नाम से मशहूर बिहार पुलिस के जवान धनंजय पासवान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने सड़क किनारे बीमार हालत में मिली महिला को अस्पताल में भर्ती कराया था। वीडियो देखते ही सत्यनारायण सिंह ने महिला को पहचान लिया। वह उनकी पहली पत्नी गुड़िया थी। इसके बाद वह दिल्ली से भागकर भागलपुर पहुंचे और अस्पताल में गुड़िया से फिर से मिल गए।करीब 15 दिनों के इलाज के बाद गुड़िया की हालत में सुधार हुआ। वह बार-बार घर जाने की जिद कर रही थी। जैसे ही उसने अपने पति को सामने देखा, उसकी आँखें खुशी से छलक उठीं।

पुलिस जवान धनंजय पासवान ने इलाज के दौरान गुड़िया के लिए नए कपड़े और ज़रूरी सामान उपलब्ध कराए। वहीं वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों ने गुड़िया को तैयार किया और मांग में सिंदूर लगाकर उसे आशीर्वाद दिया। गुड़िया को सड़क किनारे भीख मांगते और बीमार हालत में देखने के बाद धनंजय पासवान ने मदद का हाथ बढ़ाया और मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। इस पहल से न सिर्फ गुड़िया की जिंदगी बची बल्कि पति-पत्नी का वर्षों बाद मिलन भी संभव हुआ। धनंजय पासवान का कहना है, “मैंने यह कदम इंसानियत और धर्म समझकर उठाया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *