भागलपुर की महिलाओं के खाते में पहुँचे 216 करोड़, महिला रोजगार योजना बनी सशक्तिकरण का जरिया

BHAGALPUR: भागलपुर की महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बड़ी सौगात मिली। शुक्रवार को जिले की 2 लाख 16 हजार महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिये 10-10 हजार रुपये की राशि भेजी गई। इस अवसर पर टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं का उत्साह देखने लायक रहा।कार्यक्रम में प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

टाउन हॉल में एकत्र महिलाएँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद भी ऑनलाइन माध्यम से सुन सकीं। प्रधानमंत्री के संबोधन ने कार्यक्रम में एक विशेष जोश भर दिया।जैसे ही महिलाओं के मोबाइल पर खातों में राशि आने का संदेश पहुँचा, टाउन हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि यह आर्थिक सहयोग उनके जीवन में नए अवसर लेकर आएगा। एक महिला ने कहा कि अब उन्हें किसी सहारे की जरूरत नहीं है, मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया है। वहीं दूसरी महिला ने उत्साह से कहा कि वे चाहती हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगे भी बिहार का नेतृत्व करते रहें।

महिला रोजगार योजना को लेकर महिलाओं में उमंग और प्रधानमंत्री के संवाद से मिली प्रेरणा, दोनों ने इस योजना की महत्ता को और बढ़ा दिया। यह योजना न सिर्फ महिलाओं को वित्तीय सुरक्षा दे रही है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *